
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ में गोमती उत्सव समिति द्वारा आयोजित ‘गोमती उत्सव-2026’ कार्यक्रम में सहभागिता कर समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति, अमन, सद्भाव और एकता का संदेश भी दिया गया।
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और रचनात्मक परंपराएं हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि गोमती उत्सव जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी लोक परंपराओं, कला और संस्कृति को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, कलाकारों को अपनी कला एवं संस्कृति के प्रदर्शन का मंच प्रदान करने तथा समाज में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों का सम्मान करना उनके योगदान को पहचान देने के साथ ही अन्य लोगों को भी जनसेवा और समाजहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है।
Focus Times – Focus Times, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया