श्री मौर्य ने कौशाम्बी के सिराथू में आर.यू.बी. निर्माण और फूलपुर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का रखा प्रस्ताव रेल मंत्री ने किये स्‍वीकार

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज रेल भवन कार्यालय में माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान श्री मौर्य ने उत्तर प्रदेश विशेषकर कौशाम्बी एवं प्रयागराज जनपद से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित के विषयों को रेल मंत्री जी के समक्ष रखा। प्रथम विषय जनपद कौशाम्बी में उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत प्रयागराज-कानपुर रेल खण्ड पर समपार संख्या-19, सिराथू में आर.यू.बी. (रनिंग अंडर ब्रिज) के निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आर.यू.बी. के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था को भी सुगम बनाने में मदद मिलेगी। द्वितीय विषय प्रयागराज जनपद के फूलपुर रेलवे स्टेशन पर मुंबई एवं नई दिल्ली की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव किए जाने का विषय भी रेल मंत्री जी के समक्ष रखा। 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दोनों जनहित के विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही पूर्ण किए जाने का श्री मौर्य  को आश्वासन दिया। बैठक में आगामी चुनावों के दृष्टिगत संगठनात्मक तैयारियों तथा कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संगठनात्मक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। 

उन्होंने बताया कि डबल इंजन की सरकार का संकल्प जनहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है। बैठक में संगठन से जुड़े विषयों तथा आगामी चुनावों की तैयारियों के संदर्भ में भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाएं, जिससे विकास और सुशासन का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके।