
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गरीबों की दुश्मन हैं। ये पिछड़ों और दलितों की विरोधी हैं तथा इन दलों से गरीबों के कल्याण की उम्मीद नहीं की जा सकती। इनका इतिहास गरीबों, वंचितों और शोषितों को केवल वोट बैंक समझने का रहा है, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का काम किया है।
धार्मिक नारों को लेकर समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया पर श्री मौर्य ने कहा कि जब जय श्रीराम का उद्घोष होता है तो सपा प्रमुख घबराते हैं और अब राधे-राधे के उद्घोष से भी उन्हें परेशानी होने लगी है। राधे-राधे केवल नारा नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की भावना प्रकट करने का माध्यम है। हमने जब कहा कि ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ तो समाजवादी पार्टी को अपनी पंचर साइकिल दिखाई नहीं दे रही, बल्कि उसे कमल मुरझाया हुआ दिखाई दे रहा है। यह उनकी सोच और दृष्टि का दोष है, उन्हें अपनी आंखों का इलाज कराना चाहिए।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सरकार बनने के बाद लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत के विकास और गरीबों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस उपलब्धि को विश्व बैंक ने भी स्वीकार किया है, यह सरकार का अपना दावा मात्र नहीं है। पूरी दुनिया के लिए यह एक संदेश है कि जब सत्ता का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ सदुपयोग किया जाता है, तो करोड़ों लोगों का जीवन बदला जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री जी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि गरीबों का जीवन और खुशहाल बने, गरीब परिवार आर्थिक रूप से समृद्ध हों तथा हर जरूरतमंद व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से जुड़े, इसके लिए हमारी कोशिश पहले भी थी, आज भी है और आगे भी जारी रहेगी।
Focus Times – Focus Times, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया