लखनऊ में कौन मारेगा जोरदार हिट, गेंदबाजों की होगी मज़बूत चुनौती या बल्लेबाजों की जीत?

आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का रोमांच फिर शुरू हो चुका है और बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में पिच की गुणवत्ता और मौसम के हालात का अंदाज़ा लगाना किसी भी टीम के लिए अहम साबित हो सकता है।

इकाना स्टेडियम की पिच का मिज़ाज

लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर थोड़ी धीमी और स्पिनरों के अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर बल्लेबाजों के लिए बड़ा स्कोर करना आसान नहीं होता। औसतन पहली पारी में 151 रन और दूसरी पारी में 126 रन का ही स्कोर देखने को मिलता है। स्पिन गेंदबाजों को पिच से अच्छा टर्न मिलता है, जबकि तेज गेंदबाजों को शुरुआत में नई गेंद के साथ मदद मिलती है।

मौसम का हाल

एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को लखनऊ में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना लगभग नगण्य है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दिल्ली कैपिटल्स: कागज पर मजबूत टीम

दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछला सीजन मिला-जुला रहा था। टीम ने सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की थी, लेकिन बीच में प्रदर्शन कमजोर रहा।सलामी बल्लेबाजों के रूप में केएल राहुल और पृथ्वी शॉ टीम को मजबूत शुरुआत देंगे। मध्यक्रम में अभिषेक पोरेल, करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल बैलेंस बनाएंगे। डेविड मिलर के आने से फिनिशिंग की जिम्मेदारी और मजबूत हुई है। गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क की अनुपस्थिति को लुंगी एनगिडी या दुष्मंत चमीरा संभाल सकते हैं, जबकि स्पिन विभाग कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के हाथ में होगा।

लखनऊ सुपर जायंट्स: घरेलू मैदान का दम

लखनऊ सुपर जायंट्स का टॉप ऑर्डर मिचेल मार्श, निकोलस पूरन और एडेन मार्करम के नामों से मजबूत दिखता है। मध्यक्रम की जिम्मेदारी कप्तान ऋषभ पंत, आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद और अब्दुल समद के कंधों पर होगी। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी के साथ नई गेंद की शुरुआत मयंक यादव या एनरिक नॉर्खिया कर सकते हैं। आवेश खान, प्रिंस यादव और अर्जुन तेंदुलकर जैसे विकल्प टीम के लिए बड़े मददगार होंगे।