
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वाहनों के गलत चालान किसी भी स्थिति में नहीं किए जाने चाहिए। नियमों के अनुरूप ही कार्रवाई हो और आमजन को बेवजह परेशानी का सामना न करना पड़े। श्री मौर्य ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अंत्येष्टि स्थलों एवं उत्सव भवनों का कार्य संबंधित कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहमति और समन्वय से ही सौंपा जाए, जिससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे। उन्होंने कहा कि गांवों में चकमार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाया जाए और रास्तों का निर्माण कराया जाए, ताकि किसानों एवं ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्व की स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गलत बिलिंग के माध्यम से उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए। बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
Focus Times – Focus Times, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया