ईरान-अमेरिका युद्ध की आहट! ‘अगर कदम रखा तो ताबूत में लौटोगे’, 82nd एयरबोर्न के जवाब में तेहरान ने दागी मिसाइलों की 82वीं वेव

तेहरान/वाशिंगटन: मिडिल ईस्ट में बारूद की गंध अब और भी तीखी हो गई है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव उस मुकाम पर पहुंच गया है, जहां से वापसी का रास्ता नजर नहीं आता। अमेरिका ने जब अपनी सबसे घातक और जांबाज सैन्य टुकड़ी ’82nd एयरबोर्न डिवीजन’ को रणभूमि में उतारने का ऐलान किया, तो ईरान ने भी उसी अंदाज में ‘नंबर गेम’ से पलटवार किया है। ईरान ने अपने ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4’ के तहत मिसाइलों की 82वीं लहर (82nd Wave) शुरू कर दी है, जो सीधे तौर पर अमेरिकी चुनौती का जवाब मानी जा रही है।

मिसाइलों पर लिखा ‘मौत का पैगाम’, मनोवैज्ञानिक युद्ध शुरू

ईरान ने इस बार केवल सैन्य ताकत ही नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक युद्ध का भी सहारा लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों पर डराने वाले पोस्टर और संदेश चिपके देखे जा रहे हैं। इन पोस्टरों पर साफ शब्दों में लिखा है— “अगर ईरान की सरजमीं पर घुसने की जुर्रत की, तो अमेरिकी सैनिक केवल ताबूत में ही वापस जाएंगे।” ईरानी जनरलों ने कड़े लहजे में चेतावनी दी है कि उनकी मिसाइलें अमेरिकी अड्डों को श्मशान में बदलने के लिए तैयार खड़ी हैं।

क्या है अमेरिका की ’82nd एयरबोर्न’ का खौफ?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन ने मिडिल ईस्ट में जारी भीषण संघर्ष को देखते हुए अपनी सबसे चुस्त और हमलावर टुकड़ी ’82nd एयरबोर्न डिवीजन’ के हजारों कमांडो को तैनात करने का आदेश दे दिया है। ये वही दस्ता है जो सीधे हवाई जहाजों से दुश्मन के इलाके में पैराशूट के जरिए उतरने और पलक झपकते ही तबाही मचाने के लिए जाना जाता है। अमेरिका के इस कदम को ईरान के खिलाफ एक बड़े जमीनी सैन्य अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

ईरान का ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4’ और 82वीं लहर का गणित

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इस बार बहुत सोच-समझकर अपनी रणनीति तैयार की है। जैसे ही अमेरिका ने 82nd डिवीजन की तैनाती की खबर दी, ईरान ने अपने हमलों की लहर को ’82वीं वेव’ का नाम देकर यह जता दिया कि वह हर वार का बराबर जवाब देने के लिए तैयार है। पिछले तीन हफ्तों से जारी ईरान, इजरायल और अमेरिका के इस त्रिकोणीय संघर्ष ने अब वैश्विक शांति के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। आसमान मिसाइलों और सुसाइड ड्रोन्स से पटा पड़ा है और दोनों पक्ष अब ‘आर-पार’ की जंग के मूड में नजर आ रहे हैं।